बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से करीब 13 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। मामले में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH21V0435 को रोका गया। वाहन चालक की पहचान गीताराम औटे पिता बंशी औटे उम्र 39 साल निवासी नायगांव थाना पैठण जिला सम्भाजीनगर महाराष्ट्र के रूप में हुई
तलाशी के दौरान बोलेरो के पीछे दो पैकेटों में गांजा जैसा पदार्थ मिला। पुलिस ने जांच के बाद इसे गांजा पाया। वजन करने पर पैकेट सहित कुल 13.80 किलोग्राम पदार्थ मिला, जिसमें शुद्ध गांजे का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा बरहमपुर, ओडिशा से लाकर संभाजीनगर, महाराष्ट्र ले जाने की बात बताई। मामले में गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त बोलेरो, एक सैमसंग मोबाइल और अन्य सामग्री समेत कुल 8.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने का उल्लेख FIR में है। बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



