सरायपाली थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो से उतरे दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, मोहम्मद अरशद, निवासी वार्ड क्रमांक 07 ताजनगर झिलमिला, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे अपनी दुकान से काम खत्म कर Honda Dream Yuga बाइक क्रमांक CG06 GB3014 से घर जा रहा था।
बताया गया कि करीब 12:10 बजे कुटेला ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही बोलेरो क्रमांक CG06 HC3100 ने बाइक को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक बोलेरो चालक वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था और शराब के नशे में था। टक्कर के बाद वह बाइक से गिर गया, जिससे उसके बाएं पैर में चोट आई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो से नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही नीचे उतरे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्का से मारपीट की, जिससे युवक के बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोट आने की बात कही गई है।
घटना की सूचना फोन के माध्यम से वासिफ को दी गई, जिसके बाद वासिफ मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम किया है।



