सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का मामला सामने आया है। कुर्मीपाली बाजार से मोटरसाइकिल पर पिता के साथ घर लौट रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे पिता के दाहिने पैर में चोट आई है, जिनका रायपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम देवानपाली निवासी सुब्रत बाघ (27 वर्ष) 11 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे अपने पिता विपिन बाघ के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG06JQ2808 से कुर्मीपाली बाजार गया था। बाजार से वापस लौटते समय सुब्रत मोटरसाइकिल चला रहा था और उसके पिता पीछे बैठे थे।
बताया गया कि गांव की पुलिया के पास पहुंचने के दौरान सिंघोड़ा की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG22X8984 के अज्ञात चालक ने कथित तौर पर वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में विपिन बाघ के दाहिने पैर में चोट आई। परिजनों के अनुसार, घायल विपिन बाघ को उपचार के लिए रायपुर के अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मामले में सुब्रत बाघ की रिपोर्ट पर सिंघोड़ा पुलिस ने धारा 281 और 125(A) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



