महासमुंद : सखी वन स्टॉप सेंटर के सहयोग से महिलाओं को मिल रहा आत्मसंबल, सुरक्षा और न्याय
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सजग प्रहरी बना सखी सेंटर, अब तक 1400 से अधिक प्रकरणों का निराकरण
महासमुंद, 19 सितंबर 2026। महिला उत्थान, सुरक्षा, सम्मान, न्याय और आत्मनिर्भरता की दिशा में सखी वन स्टॉप सेंटर महासमुंद निरंतर कार्य कर रहा है। महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने और संकट की स्थिति में महिलाओं को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर 24 घंटे महिलाओं के लिए एक सजग प्रहरी के रूप में कार्य कर रहा है।
सखी वन स्टॉप सेंटर की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। वर्ष 2017 से वर्ष 2026 तक महासमुंद जिले में कुल 1425 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 1402 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। सेंटर द्वारा संकट में आने वाली महिलाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार काउंसलिंग, कानूनी जानकारी, पुलिस सहायता एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल होने के मामले में मिली मदद
सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा निराकृत प्रकरणों में एक ऐसा मामला भी सामने आया, जिसमें एक महिला के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान और भयभीत थी। महिला ने प्रारंभ में स्थानीय स्तर पर सहायता प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर उसने सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
प्रकरण की जानकारी मिलते ही सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने महिला से संवेदनशीलता के साथ चर्चा कर काउंसलिंग एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया। महिला को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की गई।
सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, संबंधित पुलिस थाना और साइबर सेल में शिकायत के लिए आवश्यक आवेदन एवं प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत कराया गया। साइबर सेल के सहयोग से सोशल मीडिया पर वायरल फोटो एवं वीडियो को आगे प्रसारित होने से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
प्रकरण में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया से हटाने तथा उसके आगे प्रसार को रोकने की दिशा में कार्रवाई की गई।
काउंसलिंग और फॉलोअप से मिला सुरक्षित वातावरणसखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिला की स्थिति की लगातार जानकारी लेने के लिए फॉलोअप भी किया जा रहा है। त्वरित समन्वय और सहयोग के माध्यम से महिला को आवश्यक कानूनी एवं पुलिस सहायता प्राप्त हुई और वह वर्तमान में सुरक्षित अपने घर पर है।
सखी वन स्टॉप सेंटर के परामर्श, समन्वय और त्वरित सहयोग से प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण हुआ। संबंधित व्यक्ति ने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया। महिला एवं उसके परिजनों ने संकट की घड़ी में सहयोग, सुरक्षा और न्याय दिलाने की दिशा में की गई सहायता के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर के प्रति आभार व्यक्त किया।
सखी वन स्टॉप सेंटर महासमुंद महिलाओं के लिए संकट की घड़ी में सहयोग, सुरक्षा, परामर्श और न्याय की दिशा में मजबूत सहारा बनकर उभरा है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सेंटर जरूरतमंद महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।



