सरायपाली/भोथलडीह सेवा सेतु शिविर में सुनी गई आमजन की समस्याएं,
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
सेवा सेतु शिविर में योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं – श्रीमती सरला कोसरिया
कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड देने के दिए निर्देश
महासमुंद, 01 अक्टूबर 2026।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरायपाली विकासखंड के ग्राम भोथलडीह में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर में नवीन राशन कार्ड बनवाने में आ रही परेशानियों को लेकर महिलाओं एवं ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा पात्र लोगों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया ने कहा कि जन-जन की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान तथा हर सुख-दुःख में उनके साथ खड़े रहना ही उनका संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का लाभ लेने में समस्या होने पर अपनी बात संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उसका समाधान किया जा सके।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और पात्रता के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाए।
राशन कार्ड एवं पीडीएस सेवाओं की दी गई जानकारी
शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों तथा हितग्राहियों के अधिकारों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई।
इस दौरान हितग्राहियों को ई-केवायसी, आधार सीडिंग सहित राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा पात्रता संबंधी जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
हितग्राहियों को किट वितरण, गर्भ संस्कार कार्यक्रम और वरिष्ठजनों का सम्मान
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को किट का वितरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझने और अपनी समस्याओं के समाधान में सुविधा मिली।
इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली श्रीमती लक्ष्मी हरिश्चन्द्र पटेल, श्रीमती कुमारी भास्कर, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतडा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली श्री तेजपाल ध्रुव, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं हितग्राही उपस्थित रहे।



