सिंघोड़ा/पैकिन गांव में खेत से 22 हजार रुपये का सोलर पंप चोरी, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
सरायपाली। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैकिन में खेत में लगे सोलर पंप की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने किसान के खेत में लगे करीब 22 हजार रुपये कीमत के सोलर पंप को चोरी कर लिया। पीड़ित किसान की शिकायत पर सिंघोड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पैकिन निवासी बिशीकेशन राणा (62 वर्ष), पिता स्वर्गीय लालबिहारी राणा ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि वर्ष 2023 में शासन की पीएम कुसुम योजना के तहत क्रेडा विभाग द्वारा उनके खेत में सोलर पंप, सोलर प्लेट सहित अन्य उपकरण लगाए गए थे। इन सभी उपकरणों की कुल कीमत 2 लाख 6 हजार 801 रुपये थी।
आवेदन के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खेत में लगे करीब 22 हजार रुपये कीमत के सोलर पंप को चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने आसपास तलाश की, लेकिन सोलर पंप का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2026 को थाना सिंघोड़ा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की पतासाजी की जा रही है।



