रायपुर:महाराजा श्री अग्रसेन जी ने दिया दानशीलता
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की होगी महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में हुए शामिल, घायल गौमाता के इलाज के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण
रायपुर, 12 अक्टूबर 2026।राजधानी रायपुर के श्री अग्रसेन धाम में आज आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि एवं श्री अग्रसेन जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महाराजा श्री अग्रसेन जी के आदर्शों, दानशीलता, परोपकार, सामाजिक सहयोग और आत्मनिर्भरता के संदेश को याद किया गया। इस दौरान घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण भी किया गया।
महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों से समाज को मिलती है प्रेरणा : राज्यपाल रमेन डेका
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी ने समाज को दानशीलता और परोपकार का अमूल्य संदेश दिया है। अग्रवाल समाज व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सार्थक योगदान दे रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था में भी इस समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। अग्रवाल समाज के लोगों ने अपने परिश्रम से उद्योग-धंधे स्थापित किए हैं, जिनके माध्यम से अनेक लोगों को रोजगार मिल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में अग्रवाल समाज के लोग अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा दिया गया ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता की अनोखी मिसाल है। यह सिद्धांत समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे की सहायता करने और सामूहिक विकास के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने हमें सिखाया कि सभी से ज्ञान ग्रहण करना चाहिए और जरूरतमंदों को दान भी देना चाहिए। नई पीढ़ी को त्वरित सफलता प्राप्त करने की होड़ में अपने पारंपरिक मूल्यों को नहीं भूलना चाहिए, बल्कि उनका पालन करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। अग्रवाल समाज में पारिवारिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सुंदर परंपरा है, जो अनुभव, परिश्रम और निरंतरता का उदाहरण है।
राज्यपाल श्री डेका ने असम के सिनेमा को आगे बढ़ाने में श्री ज्योति प्रसाद अग्रवाल के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी की भागीदारी से ही एक सुंदर और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। अग्रवाल समाज इन अवसरों का उपयोग अपने व्यापार और उद्योगों के विस्तार के लिए करेगा, तो इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की होगी महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह समाज हमेशा से परोपकार और समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। चाहे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना हो, गौसेवा करना हो, धर्मशालाओं का निर्माण हो, सामूहिक विवाह का आयोजन हो या जरूरतमंदों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करना हो, अग्रवाल समाज हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपना योगदान देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया है। यह अग्रवाल समाज की सेवा भावना और जीवों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर मिशन मोड में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) को 5 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ में खनिज, वनोपज, बिजली, पानी सहित सभी प्रकार के संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग करके प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज अपने व्यावसायिक परिश्रम, उद्यमशीलता और सामाजिक योगदान के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समाज की सहभागिता से प्रदेश में उद्योग, व्यापार और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।
रोजगार और समाजसेवा में अग्रवाल समाज का महत्वपूर्ण योगदान : स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी अपना बहुमूल्य योगदान देता है। महाराजा श्री अग्रसेन जी ने समाज को समानता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को सेवा, सहयोग और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के अवसर पर घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया। यह एम्बुलेंस अग्रसेवा गौशाला रायपुर द्वारा संचालित की जाएगी।
गौरक्षा वाहिनी एम्बुलेंस की सुविधा के लिए मोबाइल नंबर +91-8109002139 पर कॉल किया जा सकता है।
इस पहल का उद्देश्य घायल गौमाता को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहायता करना है। एम्बुलेंस की शुरुआत को गौसेवा और जीवों के प्रति संवेदनशीलता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और अग्रपुष्प बुलेटिन का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री तथा ‘अग्रपुष्प’ बुलेटिन त्रैमासिक पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन किया गया। इन प्रकाशनों के माध्यम से समाज से संबंधित जानकारी और गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से सामने लाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज के प्रतिभावान बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, समाज के युवाओं को उनके योगदान और उपलब्धियों के लिए ‘अग्र गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
समाज के गणमान्यजन रहे उपस्थित
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में एडीआर ग्रुप के चेयरमैन श्री सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल, श्री मनमोहन अग्रवाल, श्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, गणमान्यजन और सामाजिक सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में महाराजा श्री अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करने, समाज में आपसी सहयोग बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने, गौसेवा को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।



