सरायपाली से 21 वर्षीय युवक लापता, अपहरण की आशंका पर अपराध दर्ज
महासमुंद। जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माधोपाली (कुटेला) निवासी 21 वर्षीय युवक अनुज दास के लापता होने के मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। युवक 1 सितंबर 2026 को सुबह रायपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन आज तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
रायपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनऊ दास पिता मंगल दास, उम्र 53 वर्ष, निवासी माधोपाली (कुटेला), थाना सरायपाली, जिला महासमुंद ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अनुज दास, उम्र 21 वर्ष, दिनांक 1 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे घर से रायपुर जा रहा हूं, कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया। परिजनों ने आसपास तथा रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली।
लापता युवक का हुलिया
लापता युवक का नाम अनुज दास, पिता सुनऊ दास, उम्र 21 वर्ष है। वह ग्राम माधोपाली (कुटेला), थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ का निवासी है। युवक का रंग सांवला, चेहरा सामान्य, ऊंचाई लगभग 5 फीट 5 इंच, बाल काले तथा शरीर सामान्य है। घर से निकलते समय उसने काले रंग की जींस और ग्रे रंग की शर्ट पहनी हुई थी। युवक ने कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।
गुम इंसान क्रमांक 82/2026 के तहत जांच शुरू
पुलिस ने परिजन की रिपोर्ट पर गुम इंसान क्रमांक 82/2026 कायम कर युवक की पतासाजी शुरू की थी। जांच के दौरान लापता युवक का ठिकाना एवं सुरक्षा की स्थिति अज्ञात होने के कारण पुलिस ने इस संभावना से इनकार नहीं किया कि उसे किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर रखा गया हो।
धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध
मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा G. Ganesh बनाम State of Tamil Nadu प्रकरण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 140(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, उक्त धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के अधीन रहेगी। मामले की कायमी की सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद को भेजी जा रही है।
पुलिस द्वारा लापता युवक की पतासाजी की जा रही है।




