
बसना: जमीन विवाद को लेकर परिवार को धमकी, घर तोड़ने का प्रयास
भठोरी में घर खाली करने को लेकर विवाद, महिला ने सीयाराम पटेल, सुरेश पटेल और उनके साथियों के खिलाफ की शिकायत
बसना। महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत ग्राम भठोरी में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार को धमकी देने और घर तोड़ने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने ग्राम भठोरी निवासी सीयाराम पटेल, सुरेश पटेल और उनके अन्य साथियों पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने तथा घर तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शासन से प्राप्त पट्टे की जमीन पर बना है मकान
पीड़ित महिला के अनुसार, उसके ससुर रूपसाय पटेल को शासन की ओर से ग्राम भठोरी, राजस्व निरीक्षक मंडल भूकेल, तहसील बसना में स्थित भूमि का पट्टा स्वामित्व हक में प्राप्त हुआ है। इसमें खसरा नंबर 311/4, रकबा 148 वर्ग मीटर, खसरा नंबर 309/5, रकबा 377.05 तथा खसरा नंबर 311/5, रकबा 39.23 का उल्लेख किया गया है। महिला के अनुसार, खसरा नंबर 309/5 की भूमि पर मकान बनाकर उनका परिवार निवास कर रहा है।
घर खाली करने को लेकर दी धमकी
महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर थी। इसी दौरान ग्राम भठोरी के सीयाराम पटेल और सुरेश पटेल अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने परिवार पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए घर खाली करने को कहा। साथ ही घर खाली नहीं करने पर जान से मारकर उसी घर में दफना देने की धमकी दी।
पति के साथ भी की गई गाली-गलौज
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उक्त लोगों ने मां-बहन को लेकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए घर तोड़ने का प्रयास किया। जब उसके पति जागेश्वर पटेल ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई।
महिला ने अपने आवेदन में घटना की जानकारी देते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और मामले में आगे की स्थिति की जानकारी उपलब्ध नहीं है।




