
बसना।चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में मौसम का प्रभाव किसानों की फसलों पर दिखाई देने लगा है। खेतों में खड़ी धान की फसल तेज हवाओं और मौसम की मार से जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बसना क्षेत्र से सामने आई तस्वीरें : बसना क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों में धान की फसल खेतों में गिरी हुई नजर आ रही है। कई जगहों पर फसल पूरी तरह जमीन पर बिछी दिखाई दे रही है। धान की बालियों के पकने के समय इस तरह फसल गिरने से किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है।
किसानों की चिंता इस बात को लेकर है कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा, तो धान की फसल की कटाई और उपज पर असर पड़ सकता है। खेतों में पानी जमा होने और फसल के जमीन पर गिरने से कटाई में भी परेशानी हो सकती है। फिलहाल किसान मौसम के बदलते मिजाज पर नजर बनाए हुए हैं। धान की फसल को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




