
रायपुर : चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 27 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू
28 नवंबर दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे आवेदन, स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग के तहत 29 से 30 नवंबर तक होगी स्क्रूटनी और प्रवेश प्रक्रिया
रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। प्रवेश वर्ष 2026 के अंतर्गत चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। इसके लिए राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़ द्वारा नए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 28 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक संचालनालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस चरण में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए नया ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।
राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद 29 से 30 नवंबर 2026 तक आवेदनों की जांच (स्क्रूटनी) तथा प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह काउंसिलिंग बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित की जा रही है।
गौरतलब है कि इन चारों पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय एवं तृतीय (मॉपअप) संयुक्त चरण की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 25 से 26 नवंबर 2026 तक संपन्न हुई थी। इस दौरान प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुछ सीटें रिक्त रह गई थीं। इन्हीं शेष रिक्त सीटों पर प्रवेश देने के उद्देश्य से स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है।
रिक्त आरक्षित सीटें अनारक्षित श्रेणी में परिवर्तित
समिति ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त चरण के बाद बची हुई रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी एवं नियतांश में छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार परिवर्तन किया गया है। इसके तहत सभी रिक्त आरक्षित सीटों को ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ में परिवर्तित किया गया है। नए ऑनलाइन आवेदन के लिए संबंधित पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें अनारक्षित बिना संवर्ग की होंगी, जबकि शासकीय नर्सिंग महाविद्यालयों की सभी रिक्त सीटें ‘अनारक्षित महिला संवर्ग’ की निर्धारित की गई हैं।
बीएससी नर्सिंग में 10 परसेंटाइल तक अंक वालों को भी मौका
राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से भी आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। हालांकि, यह विशेष प्रावधान केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए ही लागू होगा। अन्य नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए यह छूट लागू नहीं होगी।
वेबसाइट पर जारी होगी काउंसिलिंग और सीट आवंटन की जानकारी
आगामी काउंसिलिंग, सीट आवंटन एवं प्रवेश से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। राज्य काउंसिलिंग समिति ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने तथा काउंसिलिंग से जुड़ी नवीनतम जानकारी प्राप्त करने के लिए संचालनालय की वेबसाइट का प्रतिदिन अवलोकन करने की अपील की है।




