
- रायपुर/ दुर्ग में 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला; आरोपी को 20 साल की जेल, पीड़िता को 5 लाख
रायपुर दुर्ग, 29 नवंबर 2026*
दुर्ग की विशेष पॉक्सो अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके अलावा पीड़िता के पुनर्वास के लिए छत्तीसगढ़ शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत 5 लाख रुपये देने का आदेश दिया गया है। यह फैसला 27 नवंबर 2026 को सुनाया गया।
यह मामला दुर्ग के नेवई थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान तुकाराम निषाद उर्फ राजा निषाद (30) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रायपुर जिले का रहने वाला है और दुर्ग में किराए के मकान में रहता था।
दो महीने तक कई बार की वारदात
अभियोजन के अनुसार, आरोपी का घर पीड़िता के घर के पास था। आरोपी का बच्चा और पीड़िता साथ में खेलते थे। इसी वजह से बच्ची का आरोपी के घर आना-जाना रहता था।
इसी दौरान आरोपी ने 20 फरवरी से 18 अप्रैल 2026 के बीच कई बार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने 23 अप्रैल 2026 को नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
जन्म प्रमाणपत्र से साबित हुई पीड़िता की उम्र
मामले की सुनवाई के दौरान पीड़िता की उम्र निर्धारित करने के लिए अदालत में जन्म प्रमाणपत्र और स्कूल से संबंधित दस्तावेज पेश किए गए। इन दस्तावेजों में बच्ची की जन्मतिथि 30 नवंबर 2012 दर्ज थी।
दस्तावेजों के आधार पर अदालत ने माना कि घटना के समय पीड़िता की उम्र 13 साल थी। उम्र से संबंधित दस्तावेज मामले की सुनवाई में महत्वपूर्ण साक्ष्य बने।
इशारों और आसान शब्दों में दिया बयान
अदालत में सुनवाई के दौरान पीड़िता ने इशारों और आसान शब्दों के माध्यम से अपनी बात रखी। उसके माता-पिता ने भी अपने बयान में आरोपी के साथ पारिवारिक संबंध, उसके घर आने-जाने और घटना की जानकारी मिलने से जुड़ी बातें बताई।
मेडिकल जांच में गंभीर चोट या हाल ही में यौन संबंध के स्पष्ट संकेत नहीं मिले थे। हालांकि, अदालत ने इस तथ्य को पीड़िता के बयान को गलत साबित करने वाला आधार नहीं माना। न्यायालय ने पीड़िता के बयान और मामले में पेश किए गए अन्य साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद आरोपी को दोषी ठहराया।
पॉक्सो एक्ट की धाराओं में दोषी करार
अपर सत्र न्यायाधीश एवं चतुर्थ एफटीएससी विशेष न्यायालय, दुर्ग के पीठासीन अधिकारी अनिश दुबे ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ट), 5(ठ) और धारा 6 के तहत दोषी पाया।
अदालत ने आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर उसे एक साल का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
फैसले में अदालत ने पीड़िता को आर्थिक सहायता देने के संबंध में भी निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, अपील की अवधि समाप्त होने और अपील दायर नहीं होने की स्थिति में जुर्माने की पूरी राशि पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत पीड़िता को 5 लाख रुपये देने का आदेश दिया गया है। यह राशि पीड़िता के पुनर्वास के लिए निर्धारित की गई है।
आरोपी 24 अप्रैल 2026 से न्यायिक हिरासत में है। अदालत ने निर्देश दिया है कि न्यायिक हिरासत में बिताई गई इस अवधि को उसकी सजा में शामिल किया जाएगा।




