पिछले कई दिनों से छत्तीसगढ़ में नए सीएम को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है. बीजेपी विधायक दल की बैठक में रविवार को आदिवासी नेता विष्णु देव साय के नाम पर सहमति बन गई. उनके नाम का ऐलान होते रायपुर के बीजेपी ऑफिस में जश्न शुरू हो गया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल की धुनों पर नाचकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. माना जा रहा है कि पार्टी ने साय की विनम्रता और पार्टी के प्रति उनके समर्पण की वजह से इस नाम से नवाजा है.
छत्तीसगढ़ के नए सीएम बने विष्णु देव साय आदिवासी समाज के बड़े नेता माने जाते हैं. वे 3 बार पार्टी के प्रदेश, 4 बार सांसद, 2 बार विधायक और केंद्रीय मंत्री रहे हैं. वे संघ से जुड़े बीजेपी के बड़े आदिवासी नेताओं में शुमार हैं. आदिवासी समाज में उनका बड़ा कद माना जाता है. वे RSS से जुड़े रहे हैं और राज्य में पार्टी की जड़े मजबूत करने में उनका काफी योगदान रहा है. साथ ही व्यहार में विनम्र और कार्यकर्ताओं के साथ बढ़िया तालमेल, ये सब बातें उनके हक में रही, जिसके चलते पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सीएम बनाने का फैसला किया. ।



