सरायपाली हाट बाजार में अवैध शराब बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार, 8 लीटर से अधिक देशी शराब जब्त
थाना सरायपाली पुलिस ने साप्ताहिक हाट बाजार के पास अवैध रूप से देशी शराब विक्रय कर रहे दो व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8.1 लीटर देशी “शोले” ब्रांड शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3600 रुपए बताई गई है।
पुलिस को यह सफलता तब मिली जब दिनांक 22 जुलाई 2025 को थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बैदपाली रोड साप्ताहिक हाट बाजार के पास दो व्यक्ति पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में देशी शराब रखकर बेच रहे हैं।
सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी को अवगत कराया गया और आरक्षक क्रमांक 53 व 867 को साथ लेकर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। जय स्तंभ चौक पर गवाह रामेश्वर सिन्हा एवं केशव चौहान को साथ लेते हुए गवाहों को धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर सहमति ली गई और बताये गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिन्होंने अपना नाम
1. जितेन्द्र दास, पिता स्व. पुनितराम दास, उम्र 34 वर्ष, निवासी इच्छापुर, थाना सरायपाली
2. उजल भोई, पिता हरि भोई, उम्र 36 वर्ष, निवासी केना, थाना सरायपाली बताया।
दोनों के कब्जे से पीले रंग की बोरी में भरी देशी मदिरा ‘शोले’ ब्रांड की 45 शीशियाँ बरामद की गईं। इसमें 22 शीशियों पर बैच नंबर 802 व 23 शीशियों पर बैच नंबर 806 अंकित था, प्रत्येक में 180 एमएल शराब पाई गई। कुल जप्त मात्रा 8.100 लीटर रही।
पूछताछ में आरोपीगण ने शराब रखने व बिक्री के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 22 जुलाई को क्रमशः 11:25 बजे और 11:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। यह अपराध अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई।
जप्तशुदा शराब, आरोपीगण और गवाहों के साथ पुलिस थाना लौटकर विधिवत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।



