
पटेवा: मुरली मोटर्स का ताला तोड़कर 80 हजार रुपये के तार की चोरी, CCTV का तार भी काटा
महासमुंद। 13 अक्टूबर जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिलपावन में अज्ञात चोर ने मुरली मोटर्स दुकान का ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान से लगभग 110 किलोग्राम कॉपर का सफेद तार और दो बोरियों में रखा स्क्रैप तार लेकर फरार हो गया। घटना में दुकान में लगे सीसीटीवी का तार भी काट दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
रात में दुकान बंद कर घर गया था संचालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छिलपावन निवासी विजय कुमार पटेल (40 वर्ष), पिता बंशीधर पटेल, मुरली मोटर्स नामक दुकान का संचालन करते हैं। उनकी दुकान छिलपावन चौक के पास चर्च के बगल में स्थित है। विजय कुमार पटेल ने 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया और घर चले गए।
सुबह टहलने निकला तो टूटा मिला ताला
13 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे जब दुकान संचालक टहलने के लिए निकले, तब उन्होंने दुकान के शटर में लगा ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने अपने पड़ोसी अजय रोटी और भोजराज मधुकर को साथ लेकर दुकान के अंदर जाकर देखा। दुकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और तार रखने का डिब्बा खुला हुआ था। जांच करने पर लगभग 110 किलोग्राम कॉपर का सफेद तार और दो बोरियों में रखा स्क्रैप तार गायब मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
112 पर दी सूचना, पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना की जानकारी मिलने पर दुकान संचालक ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। इसके बाद उन्होंने पटेवा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पटेवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




