बसना/महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के गढफुलझर चौक में 12 सितंबर 2026 की बीती रात गौवंश के अवैध परिवहन की सूचना पर की गई नाकाबंदी के दौरान एक अशोक लीलैंड ट्रक और मारूती बलेनो कार को पकड़कर थाना बसना लाया गया। शिकायत के मुताबिक ट्रक में करीब 20 भैंसे पाए गए। इस दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता, अवैध पशु परिवहन एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ग्राम झलप निवासी तथा गौ सेवा आयोग विकासखंड महासमुंद के सदस्य बताए गए हैं। उनके अनुसार 12 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक CG10BN2718 में थाना लवन, जिला बलौदाबाजार क्षेत्र से भारी संख्या में गौवंशीय मवेशियों को भरकर पदमपुर, ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि ट्रक के आगे एक नीले रंग की मारूती बलेनो कार क्रमांक CG04MU1710 पायलटिंग के तौर पर चल रही है।
सूचना मिलने के बाद बजरंग दल एवं छत्तीसगढ़ गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस की सहायता से थाना बसना क्षेत्र के गढफुलझर चौक में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान सामने से संदिग्ध बलेनो कार आती दिखाई दी। कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। शिकायतकर्ता के अनुसार कार का पीछा करने पर चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। आवेदन में कार चालक के रूप में अबरार खान एवं मुख्तार अहमद के नाम का उल्लेख किया गया है।
कुछ देर बाद अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक CG10BN2718 भी आता दिखाई दिया। ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। गढफुलझर चौक से कुछ आगे पदमपुर रोड पर ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शिकायत में ट्रक चालक का नाम लम्बू उर्फ गोलू तथा परिचालक को अज्ञात बताया गया है।
ट्रक की जांच करने पर उसमें 20 नग मवेशी भैंसा पाए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार दोनों वाहनों को थाना बसना लाकर पुलिस को कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक और बिना पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था के वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
शिकायत में मामले की गंभीरता को देखते हुए मवेशियों की स्थिति, वाहनों तथा संबंधित व्यक्तियों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता, अवैध पशु तस्करी तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। शिकायत में सामने आए थाना लवन क्षेत्र, जिला बलौदाबाजार से पदमपुर, ओडिशा तक के कथित परिवहन कनेक्शन की भी जांच का विषय सामने आया है।



