
तेन्दुकोना थाना क्षेत्र से विवाहिता लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
दादरगांव की 30 वर्षीय सोनी सहिस 26 अक्टूबर की शाम से लापता, आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां की गई तलाश
महासमुंद/तेन्दुकोना। महासमुंद जिले के तेन्दुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम दादरगांव से एक विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता महिला की पहचान सोनी सहिस (30 वर्ष), पति सदानंद सहिस, निवासी दादरगांव, थाना तेन्दुकोना के रूप में हुई है। महिला के पति सदानंद सहिस (34 वर्ष), पिता पेखराम सहिस ने अपने परिजन पेखराम सहिस के साथ थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी सहिस 26 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन अब तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया है।
लापता महिला का हुलिया
पुलिस में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के अनुसार, लापता महिला का चेहरा गोल, कद लगभग 4 फीट 5 इंच, बाल काले एवं लंबे तथा रंग सांवला है। लापता होने के समय उन्होंने हरे रंग की साड़ी और ब्लाउज पहना हुआ था। उनके गले में रेशम की माला, कान में बाजारू टॉप, नाक में सोने की नथनी, पैरों में बाजारू पायल और हाथों में नीले रंग की चूड़ियां थीं। महिला अपने साथ की-पैड वाला मोबाइल फोन भी रखे हुए थीं।
महिला कक्षा पांचवीं तक पढ़ी-लिखी हैं तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती हैं।
गुम इंसान क्रमांक 39/26 दर्ज
महिला की तलाश के लिए तेन्दुकोना थाना में गुम इंसान क्रमांक 39/26 दर्ज कर जांच एवं पतासाजी शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद भी महिला का पता नहीं चलने पर पुलिस ने मामले की आगे की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, सूचनाकर्ता ने महिला के लापता होने की परिस्थितियों के संबंध में कोई विशेष जानकारी नहीं दी है। साथ ही, किसी व्यक्ति द्वारा अपहरण या गलत तरीके से बंधक बनाए जाने का आरोप अथवा संदेह भी व्यक्त नहीं किया गया है। हालांकि, लापता महिला का वर्तमान ठिकाना और सुरक्षा की स्थिति अज्ञात होने के कारण किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर रखे जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसी आधार पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा G. Ganesh बनाम State of Tamil Nadu प्रकरण में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के अधीन रहेगी।
महिला की तलाश के संबंध में सूचना कंट्रोल रूम एवं जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (DCRB) को भेजी जा रही है। पुलिस मामले की जांच एवं लापता महिला की पतासाजी में जुटी हुई है।




