कोमाखान लुकुपाली में शराबी युवकों ने चखना सेंटर में किया हंगामा, लोहे के रॉड से हमला कर युवक घायल
कोमाखान। थाना क्षेत्र के लुकुपाली वार्ड क्रमांक 14 में संचालित शासकीय चखना आहता सेंटर में गुरुवार शाम शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा किया। घटना में सेंटर की देखरेख कर रहे युवक पर लोहे के रॉड से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का भाई कुमार ताण्डी शासकीय चखना आहता सेंटर का संचालन करता है। वह काम से नुआपाड़ा (उड़ीसा) गया हुआ था, जिसकी वजह से पीड़ित युवक सेंटर देख रहा था। इसी दौरान ग्राम लामीसरार निवासी महेश्वर मधुकर अपने साथियों के साथ नशे की हालत में सेंटर पहुंचा। आरोप है कि डिस्पोजल और अन्य सामान के पैसे को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद महेश्वर मधुकर ने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर उसने लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया, जिससे युवक लहूलुहान हो गया।
पीड़ित ने बताया कि हमले में उसके सिर से खून बहने लगा। हमले में शामिल अन्य युवक भी गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। घटना के दौरान अमेरा निवासी अरुण चौधरी व बलराम तथा ग्राम लुकुपाली के उमराम धीवर ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम कर जांच में लिया गया है।



