सरायपाली ग्राम बानीगिरोला में युवक पर धारदार हथियार से हमला, मामला दर्ज
सरायपाली, वार्ड क्रमांक 08 झिलमिला, थाना सरायपाली निवासी एक युवक पर पुराने विवाद के चलते धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ड्रायवरी का काम करता है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 22 सितम्बर की शाम लगभग 4 बजे की है। पीड़ित युवक हाट-बाजार बैदपाली के पास खड़ा था, तभी सैयद सलमान अली अपने साथी दिनेश राजपूत के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुँचा। उसने पीड़ित को पुराने विवाद का निपटारा करने की बात कहकर अपनी बाइक में बैठाया और ग्राम बानीगिरोला की ओर ले गया।
बानीगिरोला बस्ती के पास बातचीत के दौरान पहले तो सलमान ने दुश्मनी खत्म करने का दिखावा करते हुए पीड़ित को गले लगाया, लेकिन अचानक पीछे से धारदार चाकू जैसी वस्तु से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के दाहिने कमर और बाएं जांघ में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित को हमलावर के साथी दिनेश राजपूत ने बीच-बचाव कर छुड़ाया और वापस लाया। इस पूरी घटना का प्रत्यक्षदर्शी दिनेश राजपूत ही है। घायल युवक ने सैयद सलमान अली के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 118(1)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



