महासमुंद/खैरा बस्ती में आपसी विवाद के बाद दुर्गा पंडाल के पास युवक पर धारदार हथियार से हमला, रिपोर्ट दर्ज
महासमुंद। थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 खैरा बस्ती में बीती रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर चोट पहुँचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना महासमुंद में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 08 निवासी युवक (चाय-नाश्ता ठेला संचालक) अपने मित्र ओमप्रकाश आडील के साथ 23 सितंबर की रात लगभग 10:30 बजे दुर्गा सेवा कार्यक्रम देखने दुर्गा पंडाल गया था। उसी दौरान दोनों लोग तुकाराम चंद्राकर की किराना दुकान के पास बैठे थे। तभी गांव का ही घनाराम सतनामी वहां पहुंचा और ओमप्रकाश आडील से किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।
पीड़ित ने बीच-बचाव कर झगड़ा न करने की बात कही, जिस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखी धारदार वस्तु से पीड़ित के बाएं गाल पर वार कर दिया। हमले से पीड़ित के चेहरे पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
घटना की जानकारी पीड़ित ने अपने दोस्त और मां को दी, जिसके बाद परिजन के साथ थाना महासमुंद पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल महासमुंद भेजकर उपचार कराया। इलाज के बाद युवक ने अगले दिन थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना महासमुंद पुलिस ने मामले में धारा 118(1)-BNS, 296-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



