महासमुंद/तेंदूकोना ग्राम सुईनारा में विवाद के बाद युवक पर लोहे के हथियार से हमला
महासमुंद/तेंदूकोना।थाना तेंदूकोना के अंतर्गत चौकी बुंदेली क्षेत्र के ग्राम सुईनारा में शनिवार की शाम एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भुनेश्वर यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम सुईनारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 सितम्बर की शाम करीब 7 बजे वह अपने रिश्तेदार विशंभर यादव के घर गया था। वहां से लौटते समय गांव के ही राधेलाल चक्रधारी ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए मोहल्ले में आने पर आपत्ति जताई।
भुनेश्वर के अनुसार, थोड़ी देर बाद राधेलाल उसके घर के सामने आकर जान से मारने की धमकी देने लगा और हाथ में रखे लोहे के कत्तल (हथियार) से उसके बाएं कमर और जांघ पर वार कर दिया। हमले में भुनेश्वर घायल हो गया और उसके घर के सामने खून बहने लगा। शोर मचाने पर गांव के पुरुषोत्तम यादव और मुलचंद पांडे ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
हमले के दौरान आरोपी ने उसके मोटरसाइकिल (CG 06 GL 5545) के वाइजर को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना पुलिस चौकी बुंदेली को रात लगभग 10:30 बजे दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राधेलाल चक्रधारी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 324(1) BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।



