बसना में आधी रात आग तपते बवाल: पंछा मांगने से शुरू हुआ तनाव, पहुंचा खूनखराबे तक
बसना। वार्ड नंबर 02 भगतसिंह वार्ड में आधी रात एक मजदूर पर दो युवकों द्वारा मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित, जो मजदूरी का काम करता है और कक्षा 5वीं तक शिक्षित है, ने पुलिस को बताया कि घटना 08 दिसंबर 2025 की रात की है।
रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह आदिवासी कन्या छात्रावास के पास अपने मोहल्ले के बच्चों के साथ ठंड के कारण आग ताप रहा था। तभी करीब 11 बजे वार्ड-01 निवासी सूरज यादव अपने साथी सूजल के साथ वहां पहुंचा। सूरज ने पीड़ित के पास रखा पंछा मांगा और बाद में लौटाने की बात कहकर ले गया।
जब पीड़ित ने पंछा वापस मांगा तो सूरज और सूजल विवाद पर उतर आए। पीड़ित वहां से घर जाने लगा, तभी सूरज ने अचानक पीछे से धक्का देकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उस पर हाथ-मुक्कों और लातों से हमला किया। हमले के दौरान दोनों ने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, सूरज ने हाथ में पहने चूड़ा से उसके चेहरे पर वार किया, जिससे उसे सिर, बाईं आंख, कान और पैर के पास चोटें आईं। घटना को आसपास मौजूद लोगों ने देखा और पीड़ित ने यह बात घर जाकर अपनी पत्नी को भी बताई।
पीड़ित ने 09 दिसंबर 2025 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



