बसना/ग्राम धुमाभांठा स्कूल बना विवाद का मैदान! प्रधान पाठक से गाली-गलौच और मारपीट, जान से मारने की धमकी—एफआईआर दर्ज
बसना/ महासमुंद शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम धुमाभांठा में उस समय सनसनी फैल गई जब परीक्षा ड्यूटी पर मौजूद प्रधान पाठक के साथ खुलेआम विवाद, गाली-गलौच और मारपीट की घटना सामने आई। स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने शिक्षा संस्थान की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2026, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे प्रधान पाठक नीरज कुमार दास (36 वर्ष) स्कूल के बरामदे में परीक्षा ड्यूटी कर रहे थे। तभी गांव का ही निवासी अशोक भैना वहां पहुंचा और विद्यालय परिसर में पार्टी कर मांस-मुर्गा खिलाने की बात कही। मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए शिक्षक के बाएं गाल पर थप्पड़ मारा, कॉलर पकड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना को विद्यालय के शिक्षक विवेकानंद दास ने प्रत्यक्ष रूप से देखा-सुना। पीड़ित शिक्षक ने तत्परता दिखाते हुए लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने धारा 121, 221, 132, 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामला चौकी भंवरपुर से थाना बसना भेजा गया, जहां प्रथम सूचना प्रतिवेदन दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल जैसे पवित्र स्थान में हुई इस घटना ने ग्रामीण अंचल में चर्चा और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं—अब सबकी नजरें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।



