महासमुंद: खूनी संघर्ष: छोटे भाई ने बड़े भाई को पेट्रोल डालकर घर सहित जिंदा जलाया, महिला ने बताई पूरी आपबीती फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर……….
महासमुंद/खल्लारी, 22 अप्रैल 2026।
जिले के बागबाहरा थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम आमगांव में जमीन बंटवारे के विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता महिला ग्राम मरार कसीबाहरा की निवासी है, जो मजदूरी का कार्य करती है। उसने पुलिस को दिए अपने विस्तृत बयान में बताया कि लगभग 10 माह पूर्व उसकी पहचान कृष्णकांत दुबे से हुई थी। इसके बाद दोनों रायपुर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और जल्द विवाह करने वाले थे।
महिला के अनुसार, कृष्णकांत दुबे ने उसे बताया था कि उसकी पैतृक जमीन ग्राम आमगांव में है, जहां उसकी मां तिरथ दुबे एवं छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं और जमीन का देखरेख करते हैं। जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था।
घटना दिनांक 21 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 4 बजे की है, जब वह कृष्णकांत दुबे के साथ स्कूटी से रायपुर से आमगांव के लिए निकले। शाम करीब 6:30 बजे गांव पहुंचने पर कृष्णकांत अपनी मां से छोटे भाई के बारे में पूछा। कुछ देर बाद दौलत दुबे घर पहुंचा, जिसके बाद कृष्णकांत ने जमीन बंटवारे की बात छेड़ी। इस पर दौलत ने साफ इनकार कर दिया और देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
बताया गया कि झगड़े के दौरान कृष्णकांत ने घर में रखे डंडे से दौलत के पैर पर वार किया। इसके बाद दौलत घर के अंदर गया और हंसिया लेकर आया, जिससे उसने कृष्णकांत के बाएं हाथ की कलाई और कंधे पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में कृष्णकांत बचाव की गुहार लगाता रहा।
आरोप है कि इसके बाद दौलत दुबे ने कृष्णकांत को धान एवं महुआ रखने वाले कमरे में धक्का देकर बंद कर दिया। महिला द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उसे भी पीटकर घर के बाहर कर दिया और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
महिला ने अपने बयान में बताया कि आरोपी अपने दुकान से पेट्रोल से भरा जरीकेन और माचिस लेकर आया और गुस्से में कहने लगा कि “आज इसे जिंदा नहीं छोड़ूंगा।” इसके बाद उसने कमरे के अंदर घुसकर कृष्णकांत के शरीर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।
महिला ने खिड़की से पूरी घटना देखी और जोर-जोर से गांववालों को आवाज लगाकर मदद मांगी, लेकिन कोई भी बचाने नहीं आया। देखते ही देखते कमरे में आग भड़क गई और अंदर से कृष्णकांत की आवाज आना बंद हो गया।
कुछ समय बाद पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। कमरे से कृष्णकांत दुबे का जला हुआ शव बरामद किया गया, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी दौलत दुबे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में दहशत, जमीन विवाद बना बड़ी वजह
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन बंटवारे का पुराना विवाद ही इस जघन्य हत्या का मुख्य कारण बना।



