CG बसना/ स्कूलों का बिजली बिल गबन करने वाले बसना के तत्कालीन बीईओ और मौजूदा सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रभारी डीईओ निलंबित
महासमुंद के बसना क्षेत्र में 2018 से 2025 तक रकम निकाली पर नहीं पटाया स्कूलों का बिजली बिल, सस्पेंड हुए सारंगढ़
शासकीय स्कूलों के बिजली बिल की राशि के गबन के मामले में बसना के तत्कालीन बीईओ और मौजूदा सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रभारी डीईओ जोईधा राम डहरिया को राज्य शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा) रायपुर द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल शिक्षा विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार, तत्कालीन बीईओ जोईधा राम डहरिया ने शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाओं के बिजली बिल की आहरित राशि जमा नहीं की। राशि का गबन किया गया। इससे शासन को भारी क्षति पहुंची।
मामले को लेकर विनोद कुमार दास और विवेक साहू ने इसकी शिकायत जेडी, रायपुर से की थी। इसके बाद संभागीय संयुक्त संचालक ने जांच टीम गठित की थी। बसना बीईओ कार्यालय में वर्ष 2018-19 से 2024-25 के दौरान बिजली बिल भुगतान की राशि बिना किसी सक्षम स्वीकृति और नस्ती के, चेक से नकद आहरित कर ली गई थी।
जांच के दौरान तत्कालीन लेखापाल सूर्यकांत मिश्रा और तत्कालीन बीईओ, दोनों को गबन का जिम्मेदार पाया गया था। इस मामले में तत्कालीन लेखापाल/लिपिक को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब तत्कालीन बीईओ पर भी गाज गिरी है।



