पिथौरा: पागल कुत्ते का आतंक: 10 लोगों को काटा, गांव में दहशत
महासमुंद। जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपाली और जंघोरा में एक पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कुत्ते के हमले में अब तक लगभग दर्जनभर लोग घायल हो चुके हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कर उपचार किया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त आवारा कुत्ता बेहद आक्रामक हो गया है और गांव की गलियों में घूम-घूमकर लोगों पर हमला कर रहा है। अचानक हो रहे हमलों से ग्रामीण दहशत में हैं। स्थिति यह है कि लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं, वहीं बच्चों को विशेष रूप से घर के भीतर ही रहने की हिदायत दी जा रही है।
घायलों में ग्राम जामपाली के भूषण ध्रुव, संतोष देवांगन, दृष्टि दीवान, रामलाल ध्रुव, पिथौरा के मनोज अग्रवाल, बरेकेल के धनंजय ठाकुर, तेज बाई, जंघोरा के रूपेश तिवारी, रोशनी सिन्हा तथा बरेकेल खुर्द के भूमि साहू शामिल हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस कुत्ते को पकड़कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो और भी लोग इसका शिकार हो सकते हैं। स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।



