रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ नगर निगम के विशेष सम्मेलन में बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। औपचारिक स्वीकृति के लिए बुलाए गए इस सम्मेलन ने देखते ही देखते अखाड़े का रूप ले लिया, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस, आरोप-प्रत्यारोप और हंगामा हुआ। कांग्रेस पार्षदों ने पांच में से चार प्रस्तावों का विरोध करते हुए महापौर परिषद पर निगम की गरिमा गिराने और औद्योगिक घरानों के पक्ष में काम करने के आरोप लगाए।
सबसे ज्यादा विवाद केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से मरीन ड्राइव तक प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण के टेंडर को लेकर हुआ। पूर्व सभापति जयंत ठेठवार ने टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमों को दरकिनार कर ठेका बाराद्वार के एक ठेकेदार को दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज कर फैसले लिए जा रहे हैं।



