रायगढ़। रायगढ़ विधायक और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। वित्त मंत्री ओ पी चौधरी गोतमा-कोतासुरा मार्ग का 3 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सरल, सुरक्षित और सुगम होगी तथा ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। लोकार्पण अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं।
बेहतर सड़क संपर्क से लोगों की आवाजाही आसान होती है, व्यापार एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके बाद ग्राम पंचायत मिडमिडा में 1 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हाई स्कूल पहुंच मार्ग का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही सीसी सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि इस मार्ग के बनने से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
वहीं ग्राम पंचायत कोड़ातराई में वित्त मंत्री ने 19 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा यात्री प्रतीक्षालय एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को विभिन्न आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



