पिथौरा। पिथौरा थाना पुलिस ने ग्राम लहरौद स्थित हमर ढाबा में अवैध शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक कमलेश डडसेना मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को थाना पिथौरा की टीम टाउन पेट्रोलिंग एवं अवैध शराब रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लहरौद स्थित हमर ढाबा का संचालक कमलेश डडसेना ढाबे में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए प्रधान आरक्षक 408 नीलम मिश्रा पुलिस स्टाफ के साथ हमर ढाबा पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक कमलेश डडसेना मौके से भाग गया। वहीं पुलिस ने ढाबे में मौजूद तीन लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान शरद तिवारी (20), सिरीकेश प्रजापति (33) और राजेन्द्र कुमार प्रजापति (22) के रूप में हुई। तीनों ने ढाबे में काम करना बताया।
तलाशी के दौरान तीनों के संयुक्त कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में 18 नग पौवा शेरा देशी मंदिरा प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। कुल 3240 एमएल शराब, जिसकी कीमत करीब 1,440 रुपये बताई गई है, पुलिस ने जब्त की। शराब रखने और बिक्री से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगने पर आरोपियों ने कोई दस्तावेज नहीं होना बताया।
पुलिस ने शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर मौके पर सीलबंद किया तथा घटनास्थल का पंचनामा और नजरी नक्शा तैयार किया। मामले में शरद तिवारी, सिरीकेश प्रजापति और राजेन्द्र कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश करने पर तीनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों और फरार ढाबा संचालक कमलेश डडसेना के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी कमलेश डडसेना की तलाश जारी है।



