रायपुर, 28 अगस्त 2026 ! दो के परिजनों से संपर्क, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौट रहे; मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार की निगरानी तेज नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार लगातार नागरिकों की जानकारी जुटा रही है।
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें दो के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। वहीं रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। दूसरी ओर बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के लापता होने की सूचना है।
मोनिका यादव और मंजू राय चौधरी के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है और उनकी स्थिति से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
इसी तरह बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं, के संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हुआ है। प्रशासन उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करते हुए आवश्यक समन्वय कर रहा है।
प्रियंका और डॉ. मीना अब भी लापता
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। प्रशासन उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।
वहीं सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, के भी नेपाल में लापता होने की सूचना है। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।
रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय
राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। नेपाल प्रशासन तथा केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हेल्पलाइन:
टोल फ्री – 1070
कंट्रोल रूम – 0771-2223471



