महासमुंद, 01 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग के खाते से संबंधित समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर ने जिला श्रम अधिकारी को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। ग्राम मालीडीह के बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम सिंघनपुर बसना के लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
वहीं सरायपाली क्षेत्र के आवेदकों ने गौरव पथ से फोरलेन नेशनल हाईवे-53 तक पहुंच मार्ग में अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। ग्राम खेमड़ा के ग्रामीणों ने जर्जर पुल की मरम्मत तथा ग्राम मोखापुटका के सरपंच ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।
वार्ड 13 से अटल चौक तक बने सीसी रोड में अनियमितता की शिकायत पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान
ग्राम जगदीशपुर के नागरिकों ने वार्ड क्रमांक 13 से अटल चौक तक बनाए गए सीसी रोड में अनियमितता की शिकायत जनदर्शन में की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने तत्काल जांच के आदेश दिए और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) को जांच टीम भेजकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांगों एवं समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



