सांकरा। थाना सांकरा पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सांकरा के गुरुघासीदास चौक के पास एक युवक को 640 नग Nitrazepam नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त टैबलेट की कुल कीमत 4,776 रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से एक Vivo V70 मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये है, भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत 44,776 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरुघासीदास चौक के पास एक युवक बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर जगन्नाथ ध्रुव (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02 सांकरा को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक थैले में रखे 64 पत्ते, प्रत्येक में 10 टैबलेट, कुल 640 Nitrazepam Tablets IP बरामद हुईं। जब्त टैबलेट का कुल वजन 6,400 मिलीग्राम बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा के पदमपुर निवासी दीपक दादा से संपर्क कर वहां से टैबलेट खरीदकर सांकरा लाता और यहां बेचता था। पुलिस ने आरोपी से संबंधित मोबाइल फोन एवं आवश्यक दस्तावेज भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी जगन्नाथ ध्रुव को धारा 21 NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई सउनि विजेंद्र चंदनिहा एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।



