महासमुंद/भंवरपुर चौक थाना बसना। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भंवरपुर चौकी पुलिस ने ग्राम केवटापाली और पुरुषोत्तमपुर में दबिश देकर 52 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कुल कीमत 10,400 रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई ग्राम केवटापाली में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रजनी लहरे और गेदबाई लहरे के घर-बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान दोनों के संयुक्त कब्जे से 44 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 8,800 रुपये है, बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई ग्राम पुरुषोत्तमपुर में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अनुसर विश्वकर्मा के झोपड़ी के पास घेराबंदी कर कार्तिराम साहू को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,600 रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान केवटापाली में आरोपियों के कब्जे से 25 बाल्टियों में करीब 125 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर नष्ट किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई चौकी भंवरपुर प्रभारी के निर्देशन में उपनिरीक्षक कमलेश पाल, प्रधान आरक्षक परमानंद रथ सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।



