बागबाहरा में अवैध शराब पर पुलिस की दबिश, 7.240 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद/बागबाहरा, 7 सितंबर 2026। बागबाहरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी के पास एक मकान से कुल 7.240 लीटर देशी प्लेन एवं हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल कीमत 2,240 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी बसंत दीवान (38) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को प्रशिक्षु उप निरीक्षक अंजली प्रधान हमराह आरक्षक 614 विरेन्द्र कर एवं आरक्षक 103 संदीप भोई के साथ शासकीय वाहन से देहात/टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कृषि उपज मंडी बागबाहरा के पास बसंत दीवान अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब रखे हुए है।
सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गवाह प्रदीप वर्मा एवं यशवंत तांडी को साथ लेकर मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आंगन में रखे ड्रम के पीछे एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी मिली।
बोरी की जांच करने पर उसमें 18 पौवा देशी प्लेन शराब, प्रत्येक 180 मिली, कुल 3.240 लीटर कीमत 1,440 रुपये मिली। इसके अलावा 2 लीटर क्षमता की एक प्लास्टिक बोतल तथा 1-1 लीटर क्षमता की दो प्लास्टिक बोतलों में कुल 4 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 800 रुपये बताई गई।
इस तरह पुलिस ने कुल 7.240 लीटर शराब, जिसकी कीमत 2,240 रुपये है, जब्त की। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शराब को गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर मौके पर सीलबंद किया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को जब्त शराब सहित थाना लाया गया। जब्त सामग्री को मालखाने में सुरक्षित रखने के लिए माल मोहर्रिर के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आरोपी बसंत दीवान के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



