छत्तीसगढ़ सरायपाली/महासमुंद। ग्राम जंगलबेड़ा स्थित गोदावरी पावर एवं इस्पात लिमिटेड (GPIL) के 100 मेगावाट सोलर पावर प्रोजेक्ट परिसर में चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। के0एस0एल0 क्लीनटेक लिमिटेड द्वारा निर्माणाधीन सोलर पावर प्लांट में अज्ञात व्यक्तियों ने करीब 1500 मीटर सोलर कॉपर केबल, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है, चोरी कर ली। वहीं चोरी के दौरान 152 सोलर प्लेट भी क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की गई है।
कंपनी के मैनेजर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को प्रोजेक्ट परिसर में निरीक्षण के दौरान असिस्टेंट मैनेजर यश कुमार चंद्राकर और स्टोर इंचार्ज दीपक लवंशी ने सोलर केबल गायब होने की जानकारी दी। स्थल का निरीक्षण करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सोलर पावर प्लांट के ब्लॉक नंबर-01 क्षेत्र से केबल चोरी की गई है।
कंपनी की ओर से थाना सरायपाली में 8 सितंबर 2026 को दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया है कि चोरी हुई केबल 6 Sqmm, KEI Cables की है। इसके साथ ही Rayzon Solar कंपनी की 152 सोलर प्लेटों के केबल को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे प्लेटें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
शिकायत के मुताबिक चोरी की संभावित तारीख 15 अगस्त 2026 की रात बताई गई है। घटना के समय संबंधित क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सिक्योरिटी गार्ड सुपरवाइजर/गेट सिक्योरिटी जीवनलाल सतनामी की थी।
कंपनी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि घटना के संबंध में स्थल का निरीक्षण किया गया है और फोटोग्राफ एवं वीडियो जैसे साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें पुलिस जांच के लिए प्रस्तुत किया गया है। कंपनी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर घटना स्थल का निरीक्षण, पंचनामा एवं जांच की कार्रवाई करने तथा चोरी गई कॉपर केबल की बरामदगी और क्षतिग्रस्त सोलर प्लेटों के मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन यश कुमार चंद्राकर, पिता दिलीप चंद्राकर, निवासी पतेरापाली, सरायपाली की ओर से प्रस्तुत किया गया है। मामले में गवाह के रूप में रवि प्रकाश यादव और दीपक लवंशी के नाम दिए गए हैं।



