बसना : ग्राम परसकोल निवासी एक किसान के साथ उसके ही खेत के बोर से बिना इजाजत पानी लेने का विरोध करने पर दबंग द्वारा लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मारपीट की इस घटना में पीड़ित के सिर और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित किसान हितेश साहू ने बताया कि ग्राम बिछिया की सीमा में स्थित उनके खेत में बोर लगा हुआ है। 8 सितंबर की शाम जब वे अपने खेत में लगी धान की फसल देखने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि पड़ोसी खेत में काम कर रहा भोजराज बुढ़ेक उनके बोर से बिना पूछे जुगल बुढ़ेक के खेत में पानी ले जा रहा था। जब पीड़ित ने बिना अनुमति पानी ले जाने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो उठा। मना करने से नाराज भोजराज बुढ़ेक ने किसान को मां-बहन की गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे बांस के डंडे से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ किए गए इस हमले से पीड़ित के सिर के पिछले हिस्से और दोनों कंधों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के समय मौके पर मौजूद ग्राम परसकोल के विनोद साहू और ग्राम बिछिया के रामप्रसाद यादव ने तुरंत बीच-बचाव कर पीड़ित को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पूरी घटना को देखा और सुना है। पीड़ित किसान की लिखित शिकायत और बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



