- महासमुंद : अस्वच्छ व्यवसाय में कार्यरत परिवारों के विद्यार्थियों को मिलेगी प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति
महासमुंद, 11 सितम्बर 2026।
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार केन्द्र प्रवर्तित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत अस्वच्छ व्यवसाय में कार्यरत परिवारों के कक्षा 1वीं से 10वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत गैर-छात्रावासी विद्यार्थियों को 3,500 रुपये तथा छात्रावासी विद्यार्थियों को 8,000 रुपये प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
आय सीमा की बाध्यता नहीं
शिक्षा विभाग के अनुसार यह छात्रवृत्ति व्यवसाय आधारित योजना है। इसके लिए किसी प्रकार की आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित परिवार का व्यवसाय प्रमाण पत्र ऑनलाइन बनवाना आवश्यक होगा।
सितम्बर से शुरू होगा पंजीयन
छात्रवृत्ति पोर्टल पर सितम्बर माह से विद्यार्थियों के पंजीयन एवं सत्यापन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। शिक्षा विभाग ने पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित विद्यालय से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराएं।
विभाग का उद्देश्य है कि योजना के तहत पात्र कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।



