घर की बाड़ी में छिपाकर रखी 20 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पिथौरा। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पिथौरा पुलिस ने ग्राम ठाकुरदियाखुर्द में दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को प्रधान आरक्षक रथीलाल भोई हमराह स्टाफ के साथ अवैध शराब की पतासाजी एवं रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठाकुरदियाखुर्द में एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध रूप से हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाह जनकराम डडसेना एवं मंसुर खान को साथ लेकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर हीरालाल सिन्हा पिता गांडाराय सिन्हा, उम्र 46 वर्ष, निवासी ठाकुरदियाखुर्द, थाना पिथौरा मिला।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से ‘राजा रानी’ लिखा चावल की बोरी बरामद हुई, जिसके अंदर चार झिल्लियों में 5-5 लीटर, कुल 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब रखी मिली। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसने कोई दस्तावेज नहीं होना बताया।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब को जब्त कर मौके पर सीलबंद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत पाए जाने पर देहाती नालसी में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई तथा जब्त माल एवं आरोपी को थाना लाकर असल नंबरी अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।



