सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपाली में रास्ता देने की बात को लेकर विवाद के बाद एक युवक से गाली-गलौच और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने दो लोगों पर हाथ-मुक्के से मारपीट करने और डंडे से सिर पर वार करने का आरोप लगाया है। घटना में युवक के सिर में चोट लगने की बात कही गई है। थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम माधोपाली निवासी गोपीकिशन बरिहा अपने दोस्त संदीप यादव की दुकान, कुटेला ओवरब्रिज के पास सरायपाली गया था। वहां से दोनों मोटरसाइकिल से वापस ग्राम माधोपाली लौट रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 9 बजे डीपापारा रोड के किनारे ग्राम माधोपाली में कन्हैया दास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी के बीच विवाद चल रहा था। रास्ता रोकने पर गोपीकिशन ने दोनों से रास्ता देने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, गाली-गलौच करने से मना करने पर हेमशंकर मानिकपुरी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जबकि कन्हैया दास मानिकपुरी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। शिकायत में बताया गया है कि वार से उसके सिर में चोट लगी और खून निकल आया। मामले में पुलिस ने आरोपी कन्हैयादास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम किया है.



