सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली गांव की एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के अनुसार घटना 16 सितंबर 2026 की शाम की है। शिकायत में महिला ने बताया कि वह शाम करीब 7 बजे गांव के रंगमंच के पास गणेश पूजा करने गई थी।
पूजा के बाद घर लौटने पर उसके पति ने उस पर किसी परिचित व्यक्ति से मिलने जाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। महिला के अनुसार विरोध करने पर पति ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट की। महिला ने शिकायत में बताया कि मारपीट के दौरान उसके दोनों गाल, पीठ और गले में चोट आई है। उसके चिल्लाने पर ससुर और देवर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



