सरायपाली/विधायक के नाम से फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का मामला, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR की मांग
सरायपाली, 3 अक्टूबर 2026। सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद के नाम और लेटरहेड का कथित रूप से फर्जी इस्तेमाल कर पत्र तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजे जाने का मामला सामने आया है। मामले में विधायक के निज सहायक एवं प्रार्थी विभीषण चौहान ने थाना सरायपाली में लिखित शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल के संबंध में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थी द्वारा थाना सरायपाली में दिए गए आवेदन क्रमांक 55/2026, दिनांक 26 सितंबर 2026 के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने विधायक सरायपाली द्वारा जारी किए जाने वाले लेटरपैड की डुप्लीकेट प्रति कथित रूप से तैयार की। इसके बाद विधायक श्रीमती चातुरी नंद के हिन्दी में हस्ताक्षर का उपयोग करते हुए क्रमांक 80/2026, दिनांक 18 सितंबर 2026 का एक पत्र तैयार किया गया।
शिकायत के मुताबिक, उक्त पत्र मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, महानदी भवन, नया रायपुर के नाम भेजा गया था। पत्र में महासमुंद जिले के लोक निर्माण विभाग उप संभाग सरायपाली में पदस्थ सब इंजीनियर मुकेश नायक द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराए जाने के संबंध में शिकायत किए जाने का उल्लेख था। इस शिकायत के आधार पर इंजीनियर के संबंध में जांच कार्रवाई भी की गई।
विधायक कार्यालय ने पत्र जारी करने से किया इनकार
मामले की जानकारी विधायक कार्यालय के संज्ञान में आने के बाद पत्र की जांच की गई। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित पत्र विधायक श्रीमती चातुरी नंद द्वारा जारी नहीं किया गया था और वह विधायक कार्यालय के अधिकृत अभिलेख क्रमांक से भी संबंधित नहीं है। कार्यालय की ओर से उक्त विषय में किसी व्यक्ति को इस प्रकार का पत्र जारी करने की अनुमति दिए जाने से भी इनकार किया गया है।
निज सहायक विभीषण चौहान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि विधायक के नाम, लेटरहेड और पदनाम का इस प्रकार कथित दुरुपयोग विधायक कार्यालय की प्रतिष्ठा एवं विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकता है। साथ ही भविष्य में फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय अधिकारियों अथवा आम नागरिकों को भ्रमित किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग
शिकायत में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध विधायक के नाम एवं लेटरहेड का कथित फर्जी इस्तेमाल कर कूटरचित पत्र तैयार करने और उसका उपयोग करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
आवेदन के साथ कथित फर्जी पत्र की छायाप्रति, मूल लेटरपैड तथा मूल हस्ताक्षरयुक्त लेटरपैड की छायाप्रति संलग्न किए जाने का उल्लेख है। शिकायत की एक प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, जिला महासमुंद को भी सादर सूचनार्थ भेजी गई है।
पुलिस के समक्ष प्रस्तुत शिकायत में फिलहाल पत्र तैयार करने वाले व्यक्ति की पहचान अज्ञात बताई गई है। मामले में दस्तावेजों की जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान एवं आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।



