बस में यात्रा कर रही महिला के आभूषण और नगदी चोरी का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
महासमुंद। बस में यात्रा कर रही महिला के सामान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण, नगदी और मोबाइल चोरी करने के मामले में कोमाखान पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के टॉप, सोने के कर्णफूल और मोबाइल बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया संजू कुमारी नायक पति भूपेंदर सिंग (41 वर्ष) निवासी रेवेन्यू कॉलोनी राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा ने थाना कोमाखान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि वह 27 अगस्त 2026 को जय माता दी बस से रायपुर से राजा खरियार (ओडिशा) जा रही थी।
इसी दौरान 27 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1 बजे ग्राम मौलीमुड़ा स्थित ओम ढाबा, एनएच-353 पर बस रुकी। प्रार्थिया लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरी और कुछ देर बाद वापस अपनी सीट पर पहुंची। सीट पर लौटने पर उसे अपना सामान गायब मिला।
चोरी हुए सामान में एक मोबाइल फोन कीमत करीब 5 हजार रुपये, नगदी 30 हजार रुपये, सोने की चेन माला, कान का कर्णफूल, सोने का टॉप और सोने की अंगूठी शामिल थी। चोरी किए गए सोने के आभूषणों की कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई। इस प्रकार कुल करीब 2 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 102/2026, धारा 305(ए), 62 एवं 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
मोबाइल लोकेशन और सीडीआर से मिला सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीडीआर डाटा एनालिसिस के आधार पर संदिग्ध आरोपी की पहचान की। जांच में बसंत बाघ पिता भेलीमत बाघ (31 वर्ष) निवासी आमानाका कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर का लोकेशन सामने आया।
इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम ने रायपुर में दबिश देकर संदिग्ध आरोपी बसंत बाघ को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 27 अगस्त को बस में यात्रा कर रही संजू कुमारी नायक के आभूषण, नगदी रकम और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया के चोरी किए गए सामान में से सोने का टॉप, सोने का कर्णफूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से बस में यात्रियों के सामान की चोरी के मामले में अंतरजिला आरोपी तक पहुंचने और चोरी की संपत्ति बरामद करने में सफलता मिली है।



