घर से बिना बताए निकली 24 वर्षीय युवती का अब तक पता नहीं, पुलिस ने दर्ज किया मामला
महासमुंद/सरायपाली। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम छिर्राबाहरा निवासी 24 वर्षीय युवती मालती विश्वकर्मा के घर से बिना बताए लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश किए जाने के बाद भी युवती का कोई पता नहीं चल सका। मामले में सरायपाली पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 44/2026 दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मालती विश्वकर्मा पिता चमार सिंह विश्वकर्मा, उम्र 24 वर्ष, निवासी छिर्राबाहरा, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद, 16 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।
बताया गया कि मालती की मां धन्नी बाई विश्वकर्मा अपने पति चमार सिंह विश्वकर्मा के साथ काम-कमाने के लिए केरल गई हुई थीं। घर पर मालती अपने 19 वर्षीय भाई पंकज विश्वकर्मा तथा दादा डमरू विश्वकर्मा और दादी रसीला बाई के साथ रहती थी। 17 मई को दादा डमरू विश्वकर्मा ने फोन कर मालती के घर से चले जाने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन केरल से 23 मई को गांव पहुंचे और आसपास तथा रिश्तेदारों में फोन के माध्यम से तलाश की, लेकिन युवती का पता नहीं चला।
इसके बाद 24 मई 2026 को मालती की मां धन्नी बाई विश्वकर्मा ने अपने ससुर डमरू विश्वकर्मा, दामाद श्यामलाल विश्वकर्मा और ग्राम कोटवार लोकेश कुमार चौहान के साथ सरायपाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया गुम इंसान
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 44/2026 कायम कर युवती की तलाश शुरू की है। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान लापता युवती का ठिकाना और उसकी सुरक्षा अज्ञात होने के कारण किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा उसे ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर रखे जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
इसी आधार पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा G. Ganesh बनाम State of Tamil Nadu मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में तथा धारा 140(3) बीएनएस 2023 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उक्त धारा की प्रयोज्यता विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्षियों के आधार पर निर्धारित होगी।
यह है लापता युवती का हुलिया
पुलिस के अनुसार मालती विश्वकर्मा की उम्र 24 वर्ष, रंग सांवला, चेहरा गोल, कद करीब 5 फीट और शरीर पतला-दुबला है। वह घटना के समय काले रंग का सलवार-सूट पहने हुए थी। युवती ने कक्षा आठवीं तक पढ़ाई की है और हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है। उसके दाहिने हाथ के पंजे के ऊपर गोदना का निशान है। उसके पास मोबाइल फोन था, जो वर्तमान में बंद बताया जा रहा है।
पुलिस ने गुम इंसान की कायमी की सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद को भेज दी है। मामले में पुलिस द्वारा युवती की तलाश और पतासाजी की जा रही है।



