
सांकरा थाना क्षेत्र में 12 गाय, बैल और बछड़ों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक हांककर ले जाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी हिमांशु प्रधान को सूचना मिली कि दो व्यक्ति ग्राम झगरेनडीह से सांकरा होते हुए पशुओं को ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर वह अपने दो साथियों के साथ संत अन्ना चौक के पास पहुंचे।
शिकायत में बताया गया है कि कुछ देर बाद दो व्यक्ति गाय-बैल और बछड़ों को हांकते हुए वहां पहुंचे। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति कथित तौर पर मौके से भाग गया, जबकि दूसरे को रोककर पूछताछ की गई।
प्रार्थी के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति ने अपना सुरेन्द्र साहु पिता चतुर्भुज साहु उम्र 50 साल निवासी छुवालीपतेरा बताया। वहीं, भागने वाले व्यक्ति का नाम ऋषि चौहान बताया गया है।
12 पशुओं में 3 गाय, 6 बैल और 3 बछड़े शामिल
शिकायत के मुताबिक, ले जाए जा रहे पशुओं में 3 गाय, 6 बैल और 3 बछड़े शामिल थे। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि पशुओं को कत्ल करने के इरादे से ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा था।
मामले में सांकरा पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।




