
दुर्गा विसर्जन के दौरान नारियल फेंककर मारने और गाली-गलौज करने के खिलाफ शिकायत दर्ज
महासमुंद। शहर के वार्ड नंबर 27 स्थित कौशिक कॉलोनी निवासी एक युवक ने माता विसर्जन के दौरान नारियल फेंककर मारने और गाली-गलौज कर धमकी देने के मामले में रितु यादव और सोहन राजपूत (बैगा) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, युवक बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। दिनांक 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे अंबेडकर चौक की माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए महामाया तालाब ले जाई जा रही थी। इसी दौरान महामाया पारा निवासी रितु यादव ने कथित तौर पर यह कहते हुए कि उसे माता आई है, युवक की ओर जानबूझकर नारियल फेंककर मारा। नारियल लगने से युवक के मुंह के नीचे का एक दांत टूट गया, जबकि दो दांत हिलने लगे।
युवक ने जब रितु यादव से कहा कि उसने जानबूझकर नारियल फेंककर मारा है, तो सोहन राजपूत (बैगा) कथित तौर पर उसे मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा। उसने कहा कि रितु यादव के ऊपर माता आई है और उसे जो करना है, कर ले। साथ ही धमकी भी देने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सोहन राजपूत द्वारा गाली-गलौज किए जाने से उसे काफी बुरा लगा। घटना के दौरान दुर्गा विसर्जन में शामिल मोहल्ले के लोगों ने विवाद देखा और सुना तथा बीच-बचाव किया।
युवक ने रितु यादव और सोहन राजपूत (बैगा) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।




