
सिंघोड़ा : पति पर दूसरी शादी करने और पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप, पति सहित सास-ससुर पर मामला दर्ज
महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने के आरोप में पुलिस ने पति सहित सास-ससुर के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामला ग्राम आकाशखार का है, जहां आवेदिका प्रतिभा मोंगरे ने अपने पति विनोद सारथी, ससुर भोजराज सारथी और सास यमुना सारथी के विरुद्ध शिकायत की थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतिभा मोंगरे पिता कैलाश मोंगरे निवासी आकाशखार का विवाह 20 अप्रैल 2025 को विनोद सारथी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। आवेदिका ने अपने शिकायत आवेदन में बताया कि शादी के शुरुआती दो-तीन महीने तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पति शराब पीकर उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगा। पति और सास-ससुर द्वारा उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा, जिससे परेशान होकर वह अपने मायके चली गई।
आवेदिका ने आरोप लगाया कि उसके पति विनोद सारथी ने बिना तलाक लिए ही दूसरी युवती से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया है। इस संबंध में उसने शादी का कार्ड एवं फोटो साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही है। वहीं पति विनोद सारथी ने काउंसलिंग के दौरान दूसरी शादी करने से इनकार किया और बताया कि पत्नी शक-संदेह के कारण मायके चली गई थी। उसने पत्नी को अपने साथ रखने की इच्छा भी जताई।
परिवार परामर्श केंद्र में नहीं हुआ समझौता
मामले में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र (महिला सेल) महासमुंद में दोनों पक्षों को बुलाकर 2 जुलाई, 25 जुलाई, 11 अगस्त और 31 अगस्त 2026 को काउंसलिंग की गई। इस दौरान दोनों पक्ष उपस्थित हुए और अपना-अपना पक्ष रखा। आवेदिका द्वारा दूसरी शादी से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने की बात कही गई, जबकि अनावेदक पक्ष ने आरोपों को खारिज किया। स्त्रीधन वापस किए जाने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया। काउंसलिंग के दौरान समझाइश देने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका।
इसके बाद पुलिस परिवार परामर्श केंद्र महासमुंद ने शिकायत जांच प्रतिवेदन संबंधित थाना सिंघोड़ा भेजा। प्रतिवेदन एवं शिकायत की जांच के आधार पर पुलिस ने अनावेदक विनोद सारथी, भोजराज सारथी और यमुना सारथी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 82(1), 85 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है




