
महासमुंद : में धान खरीदी 2026-27 की तैयारियां तेज, फसल संबंधी दावा-आपत्तियों का होगा भौतिक सत्यापन
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने राजस्व एवं कृषि अधिकारियों को दिए निर्देश, 30 नवंबर तक अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के आदेश
महासमुंद, 26 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुगम, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा फसल एवं खसरा संबंधी विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने संबंधित राजस्व, कृषि एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए खसरा मैपिंग, फसल प्रविष्टि और किसानों से प्राप्त दावा-आपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
राज्य शासन के निर्देशानुसार ऐसे किसानों के प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में उपलब्ध एग्रीस्टेक के माध्यम से ‘धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प का उपयोग कर खसरा मैपिंग की जाएगी। कलेक्टर ने सभी पात्र किसानों के खसरों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। धान खरीदी की अवधि अर्थात 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की कार्रवाई की जा सकेगी।
खेतों में पहुंचकर किया जाएगा वास्तविक फसल का सत्यापन
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसानों द्वारा वास्तविक रूप से धान की फसल बोए जाने का दावा किया जा रहा है, ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा खेतों में पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा डीसीएस एवं पीवी ऐप में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण और सत्यापन से छूट गए खसरों का भी संबंधित तहसीलदारों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करते हुए मौके पर बोई गई वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाएगी। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा। साथ ही वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे। इस प्रक्रिया से फसल संबंधी दावों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने में सुविधा मिलेगी।
30 नवंबर तक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने समस्त राजस्व एवं खाद्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फसल संबंधी दावा-आपत्तियों के भौतिक सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त किया जाए। फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए सत्यापित जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों से संबंधित सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर अपनी धान की उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




