रायपुर : महतारी वंदन की पहली किस्त की राशि होगी जारी, मंच पर पहुंचे CM साय, थोड़ी देर में वर्चुअली जुड़ेंगे PM मोदी महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाले 1,000 रुपये की राशि की प्रतीक्षा कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। इस योजना में 70 लाख से अधिक महिलाओं को 655 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) के तहत 10 मार्च को महिलाओं के खाते में राशि आएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में थोड़ी देर में वर्चुअली जुड़ेंगे। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख 12 हजार 800 महिलाओं के खाते में 655 करोड़ 55 लाख रुपये प्रधानमंत्री डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। महतारी वंदन योजना के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी के साइंस कालेज मैदान पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री साय को तुलसी का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। राजधानी समेत प्रदेश के 146 ब्लाक मुख्यालयों और 13 नगर निगम क्षेत्रों में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन होगा।
वहीं यह योजना लागू होते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक और गारंटी पूरी हो जाएगी। बतादें कि 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के गठन के साथ ही छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने एक बात तय करके रखी थी कि विष्णुदेव सरकार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा महतारी वंदन को लेकर दी गई गारंटी को अवश्य पूरा करेगी। बीते तीन माह से प्रदेश की लाखों महिलाएं इस योजना में मिलने वाले 1,000 रुपये की मासिक राशि की प्रतीक्षा कर रही थीं। राज्य सरकार के द्वारा वार्षिक बजट में योजना की राशि का प्रविधान करने से आशा तो बढ़ी, लेकिन पैसा कब से मिलेगा, इसे लेकर केवल बातें ही हो रही थी। इस बीच सरकार ने कहा कि सात मार्च को योजना शुरू होगी, लेकिन यह तिथि भी टल गई। अब 10 मार्च को पीएम मोदी स्वयं योजना की शुरूआत करने जा रहे हैं। ऐसे में आज महिलाओं की प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है। इस योजना में 70 लाख से अधिक महिलाओं को 655 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी होगी।



