बसना गढ़फुलझर स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, बोले – शिक्षा डिग्रियों तक सीमित नहीं, यह चरित्र निर्माण की नींव है
बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वर्ण जयंती समारोह एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
समारोह के दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया, जिन्होंने शैक्षणिक एवं खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। साथ ही उन्होंने शिक्षा के प्रति समर्पित शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
स्वर्ण जयंती समारोह एवं वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना या डिग्रियां हासिल करना नहीं है, बल्कि यह बच्चों के चरित्र निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की नींव है। शिक्षा समाज को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं, इसलिए उन्हें संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना आवश्यक है।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित मंच प्रदान करने की। ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।
विधायक ने स्वर्ण जयंती के अवसर पर विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।
कार्यक्रम में संचालक शिक्षा विभाग गोपाल ताण्डी, जिला महामंत्री भाजपा जितेन्द्र त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर नरहरि पोर्ते, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलापराम निराला, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बसना मोहित पटेल, सभापति जनपद पंचायत बसना प्रकाश सिन्हा, सरपंच ग्राम पंचायत गढ़फुलझर हरप्रीत कौर, विधायक प्रतिनिधि खोलबाहरा निराला, प्राचार्य सुरेश पटेल, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा महासमुंद नवीन साव, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



