
बसना। खटखटी रोड स्थित सलुजा स्टील्स की बाउंड्रीवाल के अंदर खड़े दो ट्रैक्टरों से अज्ञात चोरों ने बैटरी चोरी कर ली। चोरी गई दोनों बैटरियों की कीमत करीब 15,500 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
गुरुद्वारा रोड बसना निवासी सुरेन्द्र कुमार सलुजा व्यवसाय ने बताया कि 28 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे उनके ड्राइवर राजू पटेल ने ट्रैक्टर क्रमांक CG06B6716 और CG06A7899 को सलुजा स्टील्स की बाउंड्रीवाल के अंदर खड़ा किया था। उस समय दोनों ट्रैक्टरों में एक्साइड कंपनी की बैटरियां लगी हुई थीं।
अगले दिन 29 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे ड्राइवर ट्रैक्टर चालू करने पहुंचा तो दोनों ट्रैक्टर स्टार्ट नहीं हुए। जांच करने पर दोनों ट्रैक्टरों से बैटरियां गायब मिलीं। इसकी जानकारी ड्राइवर ने मोबाइल के माध्यम से सुरेन्द्र को दी। इसके बाद सुरेन्द्र ने मौके पर पहुंचकर देखा तो दोनों ट्रैक्टरों से बैटरियां चोरी हो चुकी थीं। प्रार्थी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति दोनों बैटरियां चोरी कर ले गया है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305(a)-BNS, 331(4)-BNS के तहत अपराध कायम किया है।




